हल्द्वानी: ड्यूटी खत्म कर घर लौट रही 21 वर्षीय युवती की अचानक मौत, सड़क पर गिरते ही तोड़ा दम।
हल्द्वानी: लालकुआं थाना क्षेत्र के अंतर्गत मोटाहल्दू स्थित मदरसन कंपनी में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा सामने आया। कंपनी में कार्यरत 21 वर्षीय महिला कर्मचारी रिमझिम की अपनी शिफ्ट पूरी करने के बाद बस की ओर जाते समय अचानक सड़क पर गिरकर मौत हो गई। इस घटना के बाद से कंपनी प्रबंधन और परिजनों में शोक की लहर है।
अचानक बिगड़ी तबीयत
मिली जानकारी के अनुसार, हल्द्वानी के ईसाई नगर (लामाचौड़) निवासी रिमझिम पुत्री मनोहर लाल, मदरसन कंपनी में ए-शिफ्ट में काम करती थी। शनिवार दोपहर अपनी ड्यूटी खत्म करने के बाद उसने कार्ड पंच किया और अपनी साथी महिला कर्मचारियों के साथ घर जाने के लिए बस पकड़ने हाईवे की ओर बढ़ रही थी। तभी मुख्य द्वार के बाहर वह अचानक बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़ी।
अस्पताल में घोषित किया मृत
आनन-फानन में साथी कर्मचारियों ने उसे संभाला और कंपनी प्रबंधन के सहयोग से सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने गहन जांच के बाद रिमझिम को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फरवरी में ही जॉइन की थी नौकरी
कंपनी के एचआर हेड सुभाष तिवारी ने बताया कि रिमझिम ने इसी साल फरवरी में कंपनी जॉइन की थी। वह अपने काम के प्रति समर्पित थी। युवती के परिवार में तीन बहनें और एक भाई है, जिनमें से एक बहन विवाहित है। इस आकस्मिक घटना से परिवार का बुरा हाल है।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस प्रशासन का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला साइलेंट अटैक या अचानक तबीयत बिगड़ने का लग रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी।
