दिव्यांशु जटराना हत्याकांड: देहरादून-सहारनपुर बॉर्डर पर आज किसान पंचायत, राकेश टिकैत तय करेंगे आंदोलन की रणनीति
देहरादून: प्रेमनगर में बीटेक छात्र दिव्यांशु जटराना की निर्मम हत्या के बाद अब न्याय की मांग को लेकर जाट समाज और किसान संगठनों ने मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को देहरादून-सहारनपुर सीमा स्थित आशारोड़ी चेकपोस्ट पर एक विशाल किसान पंचायत बुलाई गई है। इस पंचायत की सबसे खास बात यह है कि इसमें भारतीय किसान यूनियन (BKU) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत भी शामिल होने पहुंच रहे हैं।
आंदोलन की बनेगी रणनीति
बीती 23 मार्च की रात मुजफ्फरनगर के रहने वाले छात्र दिव्यांशु जटराना की हत्या छात्र गुटों के खूनी संघर्ष में हुई थी। पुलिस ने इस मामले में 15 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है, लेकिन अब तक केवल 4 की गिरफ्तारी हुई है। गिरफ्तारी की धीमी रफ्तार से नाराज जाट समाज और किसान संगठन अब उग्र आंदोलन की तैयारी में हैं। आज होने वाली पंचायत में विधानसभा कूच या बड़े प्रदर्शन जैसा बड़ा फैसला लिया जा सकता है।
पुलिस और प्रशासन अलर्ट
महापंचायत की संवेदनशीलता को देखते हुए देहरादून पुलिस और जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। आशारोड़ी चेकपोस्ट और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
अंतरराष्ट्रीय जाट संसद की चेतावनी
इससे पहले अंतरराष्ट्रीय जाट संसद के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनु चौधरी ने भी सोशल मीडिया के जरिए चेतावनी दी थी कि यदि जल्द ही सभी नामजद आरोपियों को जेल नहीं भेजा गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
रिपोर्ट: अमित शर्मा (Doon 1 News)
