डबल इंजन सरकार ने नहीं समझा पहाड़ का दर्द, UKD की संवाद यात्रा में गरजे आशीष नेगी।
देहरादून (सेलाकुई): उत्तराखंड राज्य की मूल अवधारणा और जनहित के मुद्दों को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) की 'संवाद यात्रा' आज सेलाकुई क्षेत्र पहुंची। यूकेडी नेता आशिष नेगी के नेतृत्व में आयोजित इस जनसंवाद कार्यक्रम में स्थानीय जनता ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी समस्याओं को साझा किया।
डबल इंजन सरकार पर बोला हमला
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आशीष नेगी ने मौजूदा सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि जिस उद्देश्य के लिए अलग उत्तराखंड राज्य का निर्माण हुआ था, आज वह लक्ष्य कहीं खो गया है। नेगी ने आरोप लगाया कि—
"वर्तमान की डबल इंजन सरकार ने कभी भी पहाड़ की जनता के वास्तविक दर्द को समझने की कोशिश नहीं की। राज्य के युवाओं को रोजगार और बेहतर अवसर देने के बजाय यहां की मूल भावनाओं को कमजोर किया जा रहा है।"
उन्होंने आगे कहा कि UKD इस संवाद यात्रा के माध्यम से जनता की आवाज को बुलंद करने और राज्य में व्यवस्था परिवर्तन के लिए प्रतिबद्ध है।
महिला सुरक्षा पर जताई चिंता
इस दौरान यूकेडी महिला प्रकोष्ठ की कार्यकारी अध्यक्ष रुक्मिणी सजवाण ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राजधानी देहरादून सहित पूरे राज्य में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध चिंताजनक हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं और पुलिसिंग को बेहतर किया जाए।
स्थानीय मुद्दों पर हुई चर्चा
संवाद यात्रा के दौरान पार्टी नेताओं ने सेलाकुई के स्थानीय निवासियों से सीधे बातचीत की। लोगों ने बुनियादी सुविधाओं और विकास से जुड़ी समस्याओं को रखा, जिस पर UKD नेताओं ने उन्हें भरोसा दिलाया कि इन मुद्दों को शासन-प्रशासन तक मजबूती से पहुँचाया जाएगा।
कार्यक्रम में भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

