दून 1 न्यूज की मुस्तैदी: बल्लूपुर फ्लाईओवर के पास जंगल में लगी आग की वन विभाग को दी सूचना, समय रहते शुरू हुआ रेस्क्यू
देहरादून। राजधानी देहरादून के बल्लूपुर फ्लाईओवर के समीप स्थित एफआरआई (FRI) क्षेत्र के जंगलों में सोमवार को अचानक भीषण आग लगने की घटना सामने आई। गनीमत रही कि समय रहते 'दून 1 न्यूज' (Doon 1 News) की टीम ने स्थिति को भांप लिया और तुरंत वन विभाग को सूचित किया, जिससे एक बड़ा पारिस्थितिक नुकसान होने से बच गया।
फ्लाईओवर से दिखीं आग की लपटें
जानकारी के अनुसार, बल्लूपुर फ्लाईओवर से गुजरते समय बाँस के झुरमुटों और सूखे पत्तों के बीच से आग की ऊंची लपटें उठती दिखाई दीं। गर्मी के इस मौसम में जंगल की आग तेजी से फैल रही थी। पास ही स्थित ऊँचे साल के वृक्षों और सघन वन क्षेत्र के कारण आग के विकराल रूप धारण करने की पूरी आशंका थी।
मौके पर मौजूद दून 1 न्यूज की टीम ने पत्रकारिता के साथ-साथ अपने सामाजिक दायित्व को समझते हुए तुरंत वन विभाग के उच्चाधिकारियों से संपर्क किया। टीम ने विभाग को सटीक लोकेशन और आग की गंभीरता की जानकारी दी।
एक्शन में आया वन विभाग
सूचना मिलते ही वन विभाग और अग्निशमन दल सक्रिय हो गया। कुछ ही देर में एफआरआई (FRI) के मुख्य गेट से फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को घटनास्थल की ओर रवाना होते देखा गया। समय पर सूचना मिलने के कारण फायर फाइटर्स ने तेजी से मोर्चा संभाला और आग को साल के कीमती वृक्षों तक पहुँचने से पहले ही नियंत्रित करने के प्रयास शुरू कर दिए।
पर्यावरण सुरक्षा के लिए मिसाल
स्थानीय लोगों ने दून 1 न्यूज की इस तत्परता की सराहना की है। जंगलों की सुरक्षा केवल विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। दून 1 न्यूज टीम द्वारा दिखाया गया यह उत्तरदायित्व समाज और पर्यावरण संरक्षण के लिए एक सकारात्मक उदाहरण पेश करता है।
