टिहरी में प्रेम संबंध का खौफनाक अंत: दलित युवक की प्रेमिका के परिजनों ने पीट-पीटकर की हत्या
टिहरी: उत्तराखंड के टिहरी जनपद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां प्रेम प्रसंग के चलते एक 18 वर्षीय दलित युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक युवक केतन लाल (18 वर्ष) का गांव की ही एक युवती से पिछले छह माह से प्रेम संबंध था। दोनों के बीच फोन पर बातचीत होती थी, जिसका पता चलने पर युवती के परिजन काफी नाराज थे। उन्होंने कई बार केतन को युवती से दूर रहने की चेतावनी भी दी थी, लेकिन केतन और युवती का प्रेम संबंध जारी रहा।
धोखे से बुलाकर की बर्बरता
आरोप है कि रविवार रात युवती के परिजनों ने फोन कर केतन को गांव बुलाया। केतन अपने दोस्त दिवाकर (22 वर्ष) के साथ बाइक पर वहां पहुंचा। वहां पहुंचते ही युवती के परिजनों ने उन दोनों पर घात लगाकर हमला कर दिया। हमलावरों ने केतन और उसके दोस्त को लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा और एक कमरे में बंद कर दिया।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
अगली सुबह, जब केतन के परिजनों को इसकी सूचना मिली, तो वे मौके पर पहुंचे और लहूलुहान हालत में केतन और उसके दोस्त को अस्पताल ले गए। गंभीर रूप से घायल केतन ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया।
पुलिस की कार्रवाई
लंबगांव के प्रभारी थानाअध्यक्ष शिवराम ने बताया कि इस मामले में आरोपियों के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की धरपकड़ और कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
