59 घंटे बाद पानी की टंकी से उतरीं ज्योति रौतेला, अस्पताल में भर्ती; सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

 देहरादून: ज्योति रौतेला का 'टंकी आंदोलन' खत्म, 59 घंटे बाद नीचे उतरीं कांग्रेस नेत्री, बिगड़ी तबीयत



देहरादून (Doon 1 News): उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में पिछले 59 घंटों से चल रहा हाई-वोल्टेज ड्रामा आखिरकार समाप्त हो गया है। पानी की टंकी पर चढ़कर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने वाली कांग्रेस नेत्री ज्योति रौतेला गुरुवार को नीचे उतर आईं। टंकी से उतरते ही उनकी बिगड़ती स्थिति को देखते हुए उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया।


"सरकार ने मजबूर किया"

धरना खत्म करने के बाद ज्योति रौतेला ने कड़े शब्दों में सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, "हमें यहां 59 घंटे रहने के लिए सरकार ने मजबूर किया। हमारी जायज मांगों को सुनने के बजाय प्रशासन और सरकार संवेदनहीन बनी रही।" उन्होंने स्पष्ट किया कि यह धरना भले ही अभी समाप्त हुआ हो, लेकिन हक की लड़ाई जारी रहेगी।


अस्पताल में भर्ती

लगातार दो दिनों से अधिक समय तक बिना उचित खान-पान और कड़ाके की धूप व खुले आसमान के नीचे रहने के कारण उनकी तबीयत काफी खराब हो गई। नीचे उतरते ही एम्बुलेंस के जरिए उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी देखरेख कर रही है।


क्या था मामला?

बता दें कि विभिन्न मांगों और भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में ज्योति रौतेला अपने समर्थकों के साथ पानी की टंकी पर चढ़ गई थीं। प्रशासन ने कई बार उनसे नीचे उतरने की अपील की, लेकिन वह अपनी मांगों पर अड़ी रहीं।





Post a Comment

और नया पुराने