Uttarakhand Census 2026: उत्तराखंड में कल से शुरू होगी जनगणना, घर बैठे 'स्व-गणना' कर सकेंगे नागरिक; जानें पूरी प्रक्रिया

 Uttarakhand Census 2026: उत्तराखंड में कल से शुरू होगी जनगणना, घर बैठे 'स्व-गणना' कर सकेंगे नागरिक; जानें पूरी प्रक्रिया


देहरादून (Doon 1 News): उत्तराखंड में बहुप्रतीक्षित जनगणना के पहले चरण का काउंटडाउन शुरू हो गया है। प्रदेश में 10 अप्रैल से भवनों की 'स्व-गणना' (Self-Enumeration) प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। इस महत्वपूर्ण अभियान का शुभारंभ उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) करेंगे।

घर बैठे कर सकेंगे स्व-गणना

जनगणना सचिव दीपक कुमार और निदेशक इवा आशीष श्रीवास्तव ने प्रेस वार्ता में बताया कि 25 अप्रैल से घर-घर जाकर होने वाले मकान सूचीकरण से ठीक 15 दिन पहले आम जनता को se.census.gov.in पोर्टल पर अपनी जानकारी खुद भरने का मौका मिलेगा। यह सुविधा 10 अप्रैल से 24 अप्रैल तक उपलब्ध रहेगी। पोर्टल पर 16 क्षेत्रीय भाषाओं में सवालों के जवाब देने का विकल्प दिया गया है।


पहाड़ों में बंद मकानों की भी होगी एंट्री

उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में पलायन के कारण बंद पड़े मकानों या खंडहरों के लिए भी विशेष योजना बनाई गई है। जनगणना टीम जब ग्राउंड पर जाएगी, तो वहां बंद पाए जाने वाले घरों को 'लॉक हाउस' के रूप में डेटा में दर्ज किया जाएगा।


महत्वपूर्ण आंकड़े और चरण:

प्रशिक्षित टीम: इस कार्य के लिए 4,491 सुपरवाइजर और 26,348 प्रगणक (Enumerators) तैनात किए गए हैं।

मोबाइल ऐप का उपयोग: इस बार की जनगणना पूरी तरह से डिजिटल होगी, जिसमें मोबाइल एप्लीकेशन के जरिए डेटा संकलन किया जाएगा।

हिमाच्छादित क्षेत्रों का शेड्यूल: चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और उत्तरकाशी जैसे जिलों के 131 गांवों और 3 नगरीय क्षेत्रों में जनगणना 11 से 30 सितंबर के बीच होगी



स्व-गणना की प्रक्रिया और लाभ

सचिव दीपक कुमार ने जनता से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में स्व-गणना पोर्टल का उपयोग करें। पोर्टल पर जानकारी दर्ज करने के बाद आपको एक यूनिक सेल्फ-एनुमरेशन आईडी (SE ID) मिलेगी। जब प्रगणक आपके घर आएंगे, तो आपको बस उन्हें यह आईडी देनी होगी, जिससे प्रक्रिया तेज और त्रुटिहीन हो जाएगी।

शासन स्तर पर इसकी निगरानी के लिए 'जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली' (CMMS पोर्टल) का उपयोग किया जा रहा है। इस दौरान संयुक्त निदेशक एसएस नेगी और पीआईबी सहायक निदेशक संजीव सुंद्रियाल समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

रिपोर्ट: Doon 1 News डेस्क

Edited By: Amit Sharma





Post a Comment

और नया पुराने