Tehri Garhwal: जंगल में भालू ने किया जानलेवा हमला, संघर्ष कर बचाई जान, इलाके में दहशत
टिहरी गढ़वाल: उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में मानव और वन्यजीवों के बीच संघर्ष थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला टिहरी जनपद के थौलधार ब्लॉक से सामने आया है, जहां एक खूंखार भालू ने ग्राम प्रधान और वन दरोगा समेत तीन लोगों पर हमला कर उन्हें बुरी तरह घायल कर दिया। सभी घायलों को उपचार के लिए एम्स (AIIMS) ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है।
जायजा लेने गए थे जंगल, अचानक हुआ हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में भालू की बढ़ती सक्रियता को देखते हुए ग्राम प्रधान युद्धवीर सिंह रावत, वन दरोगा अजयपाल पंवार और विनोद सिंह रावत जंगल में सुरक्षा व्यवस्था और भालू की गतिविधियों का जायजा लेने गए थे। इसी दौरान झाड़ियों में घात लगाकर बैठे भालू ने अचानक उन पर हमला बोल दिया।
साहस से बचाई जान, शरीर पर आए गहरे जख्म
भालू के अचानक हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन तीनों ने हार नहीं मानी। बताया जा रहा है कि तीनों ने हिम्मत दिखाते हुए काफी देर तक भालू का मुकाबला किया, जिसके बाद भालू वहां से भाग खड़ा हुआ। हालांकि, इस संघर्ष में भालू के नाखूनों और दांतों से तीनों के शरीर पर गहरे जख्म आए हैं। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर कंडी और कंधों के सहारे घायलों को मुख्य सड़क तक पहुंचाया, जहां से उन्हें अस्पताल भेजा गया।
इलाके में दहशत का माहौल
गौरतलब है कि थौलधार क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से भालू का आतंक बना हुआ है। कुछ दिन पूर्व भी इसी इलाके में एक महिला पर भालू ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। बार-बार हो रही इन घटनाओं से स्थानीय निवासियों में वन विभाग के प्रति रोष और डर का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से गश्त बढ़ाने और आदमखोर होते वन्यजीवों से सुरक्षा की मांग की है।
रिपोर्ट: अमित शर्मा (Doon 1 News)
