देहरादून: खूनी संघर्ष की भेंट चढ़े रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश कुमार जोशी, क्लब विवाद के बाद सड़कों पर चली गोलियां
देहरादून (Doon 1 News): राजधानी के राजपुर थानाक्षेत्र स्थित जोहड़ी गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। युवकों के दो गुटों के बीच हुए आपसी विवाद और फायरिंग की चपेट में आने से भारतीय सेना के रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश कुमार जोशी की दुखद मौत हो गई।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत जेन-जी (Gen-Z) क्लब में हुई थी। क्लब से पार्टी कर निकले युवकों के दो गुटों के बीच पहले मारपीट हुई और फिर यह विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। रविवार सुबह जब सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर मुकेश कुमार जोशी (62 वर्ष) अपने तीन साथियों के साथ रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे, तभी जोहड़ी गांव के पास दो तेज रफ्तार कारें आमने-सामने से
दोनों कारों में सवार हुड़दंगी युवक एक-दूसरे पर अंधाधुंध फायरिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक गोली सीधे ब्रिगेडियर जोशी के सीने में जा लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
देश सेवा में बीता जीवन, हुड़दंग ने ली जान
परिजनों ने बताया कि ब्रिगेडियर जोशी ने 62 वर्ष की आयु तक सेना में रहकर कई महत्वपूर्ण ऑपरेशनों में हिस्सा लिया था। उन्होंने अपने बेटे को भी नौसेना (Indian Navy) में भेजकर देश सेवा की परंपरा को आगे बढ़ाया। विडंबना यह है कि सरहदों पर दुश्मनों का मुकाबला करने वाले एक जांबाज अधिकारी की जान शहर के कुछ बिगड़ैल युवकों के आपसी विवाद ने ले ली।
प्रशासन की कार्रवाई: जेन-जी क्लब सील
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जेन-जी क्लब को सील कर दिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी इसी क्लब में पार्टी कर रहे थे और वहीं से विवाद शुरू हुआ था। यह क्लब पहले भी कई बार विवादों में रहने के कारण सील किया जा चुका है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।
